उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल 22 जुलाई को करेंगे गौवंश वन्य विहार हिनौती में विभिन्न कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण

Posted on: 21 July 2024 Share

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल बेसहारा गौवंशों के संरक्षण के लिए हमेशा से ही चिंतित रहें हैं। रीवा शहर में बेसहारा घूमने वाले गौवंशों को संरक्षण देने के लिए उन्होंने सर्वप्रथम लक्ष्मणबाग में गौशाला का निर्माण करवाया। श्री शुक्ल की मंशा थी कि जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक गौवंश वन्य विहार की स्थापना हो जहां बेसहारा गौवंशों को संरक्षण मिल सके। बसामन मामा में गौवंश वन्य विहार में बड़ी संख्या में बेसहारा गौवंशों को संरक्षण मिल रहा है।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल के ही प्रयासों से गंगेव जनपद पंचायत के हिनौती ग्राम में 1 करोड़ 47 लाख रूपये की लागत से 1 हज़ार 303 एकड़ में गौवंश वन्य विहार विकसित किया जा रहा है। श्री शुक्ल 22 जुलाई को गौवंश वन्य विहार हिनौती में विभिन्न कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण करेंगे। हिनौती गौवंश वन्य विहार को बसामन मामा गौवंश वन्य विहार की तरह ही विकसित किया जायेगा। हिनौती गौवंश वन्य विहार में 65 लाख 64 हज़ार रूपये की लागत से बनाये गये दो गौ-शेड का लोकार्पण और 30 लाख 42 हज़ार रूपये की लागत से 2 गौ-विश्राम सड़क, 21 लाख 92 हज़ार रूपये की लागत से चारागाह क्षेत्र की तार फेंसिंग, 15 लाख 16 हज़ार रूपये की लागत से 2 हेक्टेयर क्षेत्र में चारागाह विकास तथा 4 लाख रूपये लागत के सामुदायिक स्वच्छता परिसर का शिलान्यास होगा।