सिंहस्थ-2028 में भीड़ प्रबंधन के लिए एआई का उपयोग किया जाएगा

Posted on: 24 January 2025 Share

उज्जैन। कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने आगामी सिंहस्थ महापर्व 2028 के अंतर्गत गत दिनों प्रयागराज कुम्भ पहुँचकर वहां की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया था। प्रयागराज से लौटने के पश्चात कलेक्टर श्री सिंह ने जानकारी दी कि आगामी सिंहस्थ-2028 में भीड़ प्रबंधन के लिए एआई का उपयोग किया जाएगा। हेडकाउंट, ट्रैफिक अलर्ट और वाहनों की निगरानी के लिए एआई का उपयोग किया जाएगा। राज्य सरकार द्वारा शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रयागराज कुम्भ के भ्रमण के लिए भेजा जाएगा ताकि वे वहां की जा रही व्यवस्थाओं को समझ सकें। स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सिंहस्थ के दौरान बनाए जाने वाले स्पेशल कमांड सेंटर में अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग किया जाएगा। आपदा प्रबंधन के लिए एनडीआरएफ, होमगार्ड, स्थानीय वॉलेंटियर को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा सिंहस्थ की तैयारियों के मद्देनजर विद्युत विभाग के लाईनमेन, सफाई मित्र और अन्य स्थानीय कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। सिंहस्थ में ग्रीन कॉरिडोर का निर्माण किया जाएगा ताकि आगजनी की घटनाओं से बचा जा सके।