संभागायुक्त और कलेक्टर ने किया उज्जैन के सप्त सागर का निरीक्षण

Posted on: 30 May 2024 Share

जलस्रोतों के संरक्षण, पौधारोपण और सौंदर्यीकरण का अभियान 5 जून से

उज्जैन / जिले में 5 जून से जल स्रोतों के संरक्षण, पौधारोपण और सौंदर्यीकरण का अभियान चलाया जाएगा। इसी तारतम्य में गुरुवार को संभागायुक्त उज्जैन श्री संजय गुप्ता और कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने उज्जैन के सप्त सागर का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने क्रम से रुद्र सागर, पुष्कर सागर, क्षीर सागर, गोवर्धन सागर विष्णु सागर, पुरुषोत्तम सागर और उंडासा स्थित रत्नाकर सागर का निरीक्षण किया।

संभागायुक्त श्री गुप्ता ने नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अमले को निर्देशित किया कि सप्त सागरों का सुव्यवस्थित ढंग से रखरखाव किया जाए। जहां गहरीकरण की आवश्यकता है वहां गहरीकरण कराएं। अभियान के दौरान पौधारोपण और सौंदर्यीकरण भी कराएं जाएं। क्षीर सागर की रेलिंग की मरम्मत कराएं। गोवर्धन सागर का गहरीकरण कर तलाब के एरिया का विस्तार किया जाएं। इसी प्रकार उन्होंने विष्णु सागर सहित अन्य तालाबों के भी साफ सफाई और सौंदर्यीकरण किए जाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान जगह जगह डेडीकेटेड टीम लगाकर जल स्रोतों के संरक्षण पौधारोपण और सौंदर्यीकरण कराया जाएं। अभियान से विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाएं , सामाजिक संगठनों और एनजीओ की भी जोड़ें। उन्होंने कहा कि सप्त सागरो में आवश्यक साफ सफाई , रंगाई पुताई और मरम्मत कराएं।