स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी पूरी गंभीरता से कार्य करें

Posted on: 21 June 2024 Share

उज्जैन। कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने बुधवार 19 जून को प्रशासनिक संकुल भवन के सभाकक्ष में पल्स पोलियो अभियान तथा दस्तक अभियान की बैठक लेकर सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देश दिये कि कार्ययोजना बनाकर उक्त दोनों अभियान का सफल क्रियान्वयन किया जाए। धरातल पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत रहें। अभियान के तहत जिन बच्चों को चिन्हित किया है, उनका उपचार अच्छे से कराएं। चिन्हित बच्चों का निरंतर फालोअप किया जाएं।

दस्तक अभियान स्वास्थ्य विभाग का महत्वपूर्ण अभियान है। इसकी सतत मॉनीटरिंग की जाएं। उक्त अभियान में स्वास्थ्य विभाग का अमला पूरी तत्परता से जुटें। जिले के समस्त ब्लॉकों में प्रशिक्षण आयोजित किये जायें। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान को औपचारिकता न बनायें और यह सुनिश्चित करें कि जहां फालोअप नहीं हुआ है, वहां फालोअप कराएं। अभियान में जनप्रतिनिधियों को भी जोड़ा जाएं, ताकि जन जन को अभियान के प्रति जागरूकता लाई जा सकें।

कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे अपने अधीनस्थ मैदानी अमले को निर्देशित करें कि अपने मूल कार्यों को गंभीरता करें। दिशा निर्देशों का अक्षरश: पालन कराया जाना सुनिश्चित करें। इस सम्बन्ध में शनिवार 29 जून को पुन: बैठक आयोजित की जायेगी।

कलेक्टर श्री नीरज कुमार सिंह ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे जिला स्तर से लगाकर ब्लॉक स्तर तक स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा करें। जो अधिकारी-कर्मचारी स्वास्थ्य विभाग की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं कार्यक्रमों तथा अभियानों में ठीक ढंग से काम नहीं करने वालों पर उचित कार्यवाही की जाएं। सीएचओ अपने-अपने मुख्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। अगर कोई सीएचओ मुख्यालय पर नहीं रहते हैं तो उनका वेतन रोका जाएं।

बैठक में बताया गया कि भारत शासन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देशानुसार वर्ष 2024 में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का आयोजन किया जा रहा है। जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो का आयोजन रविवार 23 जून को किया जायेगा, जिसके अन्तर्गत 0 से 5 वर्ष उम्र तक के बच्चों को दो बून्द पोलियो की दवा पिलाई जायेगी। विभाग द्वारा सम्पूर्ण जिले में पोलियो बूथ स्थापित किये जायेंगे, जहां दो बून्द पोलियो की दवाई पिलाई जायेगी। रविवार 23 जून को पोलियो की दवाई पीने से वंचित बच्चों को 24 व 25 जून को घर-घर जाकर दवाई पिलाई जायेगी। पल्स पोलियो अभियान के दौरान ईट भट्टे निर्माण स्थल, झुग्गी झोपड़ियां एवं घुम्मकड़ आबाद स्थल पर विशेष ध्यान देकर लक्ष्य का शत-प्रतिशत पूर्ति का प्रयास किया जायेगा।

बैठक में पल्स पोलियो अभियान की समीक्षा के बाद कलेक्टर ने दस्तक अभियान की बैठक लेकर सम्बन्धित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। दस्तक अभियान का प्रथम चरण 25 जून से 27 अगस्त तक चलाया जायेगा। अभियान के तहत शिशु स्वास्थ्य, शिशु/बाल मृत्यु प्रकरणों में कमी लाना, इसके क्रियान्वयन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अभियान में महिला एवं बाल विकास विभाग तथा अन्य विभागों के समन्वय से अभियान को सफल बनाया जायेगा।

बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.अशोक कुमार पटेल, सिविल सर्जन डॉ.पीएन वर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.केसी परमार, डॉ.एसके सिंह, डॉ.एसके अखंड तथा जिले के समस्त बीएमओ, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री एसए सिद्धिकी आदि उपस्थित थे।